कालाढूंगी में विकसित भारत और नशा मुक्ति पर दो दिवसीय जनजागरूकता कार्यक्रम संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नैनीताल, 29 जुलाई। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के क्षेत्रीय कार्यालय नैनीताल द्वारा आयोजित दो दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का बुधवार को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, कालाढूंगी में समापन हो गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण)’ तथा ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ रहा।

कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में संजना, सचिन, हर्षित, रूप, हिमानी, योगेश और नितिन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार प्राप्त किए।
चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता में गोस्वामी सरस्वती विद्या मंदिर की नेहा शाह, शुभांगी और साक्षी विष्णु सहित हर्षित सैनी, बिलाल, फैजान, सत्य बिष्ट, महक बिष्ट और रचना मेरा ने विभिन्न वर्गों में शीर्ष स्थान हासिल किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने कुमाऊनी लोक संस्कृति पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। वहीं सांस्कृतिक कला उत्थान समिति, खुरपा ताल के कलाकारों ने भी पारंपरिक लोक संस्कृति का मनमोहक प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण केंद्रीय संचार ब्यूरो के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत ‘पुनर्वास की आस’ नाटक रहा, जिसमें नशे के दुष्परिणामों और नशा मुक्ति का प्रभावी संदेश दिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी की चिकित्सक डॉ. प्रियंका कांडपाल ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।आयोजकों ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश भी दिया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें