प्रदेशभर में भव्य रूप से मनाया जाएगा 80वां स्वतंत्रता दिवस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 29 जुलाई। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने प्रदेशभर में 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य एवं जनभागीदारी आधारित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को सचिवालय में आयोजित तैयारियों की समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी विभागों को विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य एवं जनपद स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं, रक्तदान शिविर, हाई एल्टीट्यूड साहसिक गतिविधियां, मैराथन, साइकिल, बाइक और कार रैली का आयोजन किया जाए। साथ ही जल संरक्षण, संवर्द्धन और वृक्षारोपण अभियान को भी व्यापक स्तर पर चलाया जाए। उन्होंने प्रमुख शहरों के महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिस, सेना, अर्द्धसैनिक बलों और एनसीसी बैंड द्वारा संगीतमय कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए।महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 15 अगस्त को सुबह 10 बजे देहरादून के परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण करेंगे। मुख्य सचिव सचिवालय में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे, जबकि अन्य जनपदों में जिलाधिकारी कार्यालयों पर सुबह 9:30 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। देहरादून के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण होगा।
उन्होंने बताया कि 14 अगस्त की शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक तथा 15 अगस्त की सुबह 6 बजे से 11 बजे तक प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीत प्रसारित किए जाएंगे। 14 अगस्त को प्रदेश मुख्यालय में कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन होगा। सरकारी भवनों और ऐतिहासिक इमारतों को एलईडी रोशनी से सजाया जाएगा।
सभी शिक्षण संस्थानों में 15 अगस्त की सुबह 7 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, खेलकूद, वाद-विवाद, निबंध, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, विभिन्न विभागों के सचिवों तथा जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें