
देहरादून।अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग पर पानी वाले बैण्ड के समीप कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से पुनर्निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए मरम्मत कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता पर तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री जोशी ने कहा कि देहरादून और मसूरी के बीच यातायात जल्द से जल्द पूरी तरह सामान्य होना चाहिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, दलदल वाले हिस्सों में तत्काल पत्थर, गिट्टी और अन्य आवश्यक सामग्री डालकर मार्ग को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जहां आवश्यकता हो वहां चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और कर्मचारियों की तैनाती की जाए, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम हो और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार सहित जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







