
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत लगभग 235 करोड़ रुपये की चार प्रमुख आधारभूत अवसंरचना परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से महाकुंभ-2027 और कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाएं अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनेंगी, साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
अलकनंदा होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना का भूमि पूजन किया। इसके अलावा 66.76 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनरुद्धार, 66.34 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास तथा 58.84 करोड़ रुपये की लागत से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों पर जोर दे रही है। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी करने और गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि महाकुंभ-2027 को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नए घाट, पुल, सड़क चौड़ीकरण और यातायात सुधार के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। साथ ही हेलीपोर्ट, पॉड टैक्सी, हर की पैड़ी से चंडी देवी और मनसा देवी तक रोपवे जैसी परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी दीर्घकालिक लाभ होगा। यूआईआईडीबी के प्रबंध निदेशक एवं प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि सभी परियोजनाओं को महाकुंभ-2027 से पहले पूरा करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।








