खूंटी (झारखंड )20 जुलाई।झारखंड के खूंटी जिले के तोरपा क्षेत्र में एक सरकारी विद्यालय के पास सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 10 बच्चे झुलस गए। इनमें से दो बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि आठ अन्य का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई जब बच्चे स्कूल परिसर से बाहर थे। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन पर बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि छुट्टी के समय बच्चों की निगरानी नहीं की गई।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि स्कूल के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन लंबे समय से खतरा बनी हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और साक्ष्य जुटाए हैं। शिक्षा विभाग और बिजली विभाग की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।हादसे ने एक बार फिर स्कूलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और बिजली लाइनों के रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






