बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में बीकेटी अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 20 जुलाई। उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बद्रीनाथ मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में नए खुलासों का हवाला देते हुए बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी से तत्काल इस्तीफे की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में गोदियाल ने आरोप लगाया कि मामले के दूसरे आरोपी राजेंद्र चौहान ने जांच में कहा है कि उसे प्रमोद नौटियाल से निर्देश मिलते थे और नौटियाल को BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी से आदेश प्राप्त होते थे।

गोदियाल ने कहा कि यदि जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार आरोपों की कड़ियां शीर्ष स्तर तक पहुंच रही हैं तो नैतिकता के आधार पर BKTC अध्यक्ष को पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करने और अध्यक्ष को पद से हटाने की मांग की।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बद्रीनाथ धाम के चढ़ावे से जुड़े राशन और धन का उपयोग यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार पुराने मामलों का हवाला देकर मौजूदा विवाद से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।गोदियाल ने पूरे प्रकरण की जांच किसी उच्च स्तरीय समिति से कराने की मांग करते हुए कहा कि इसकी अध्यक्षता सर्वोच्च न्यायालय या उच्च न्यायालय के किसी वर्तमान न्यायाधीश से कराई जाए, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित हो सके।उन्होंने यह भी कहा कि हेमंत द्विवेदी पर पूर्व में तराई बीज विकास निगम के अध्यक्ष रहते हुए वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लग चुके हैं। ऐसे व्यक्ति को BKTC का अध्यक्ष बनाए जाने पर भी सरकार को जवाब देना चाहिए।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, प्रवक्ता अभिनव थापर, राजेश चमोली, अमरजीत सिंह और अश्वनी बहुगुणा सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें