एक पौधा पुरानी पेंशन बहाली के नाम’ अभियान चलाया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 13 जुलाई ।राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा, उत्तराखंड के आह्वान पर रविवार को पूरे प्रदेश में “एक पौधा पुरानी पेंशन बहाली के नाम” अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के साथ पुरानी पेंशन बहाली की मांग को भी प्रमुखता से उठाया।

प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष (महिला) डॉ. नीतू कार्की के नेतृत्व में स्वास्थ्य, आयुर्वेद, होम्योपैथी, शिक्षा, मिनिस्ट्रियल, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों के कर्मचारियों ने पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने अभियान को घरों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचाने में सहयोग देने वाले सभी कर्मचारियों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
डॉ. नीतू कार्की ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही न्यायोचित मांग है। उनके अनुसार यह केवल आर्थिक सुरक्षा का विषय नहीं, बल्कि सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक जीवन, सामाजिक सुरक्षा और परिवार के भविष्य से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार एक पौधे को वृक्ष बनने के लिए संरक्षण और देखभाल की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था भी आवश्यक है।
उन्होंने राज्य सरकार से कर्मचारियों की इस मांग पर सकारात्मक और संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए विचार करने का आग्रह किया। साथ ही कर्मचारियों से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखते हुए संगठन की एकजुटता बनाए रखने की अपील की।

Leave a Comment

और पढ़ें