मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत 4.39 करोड़ रुपये डीबीटी से जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 7 जुलाई। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 4 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि जारी की।

मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के तहत वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान अपने अभिभावकों को खो चुके बच्चों को प्रदेश सरकार प्रतिमाह 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि मार्च 2026 तक की सहायता राशि पहले ही जारी की जा चुकी थी, जबकि अब अप्रैल, मई और जून 2026 की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी गई है।
जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2026 के लिए 4,917 लाभार्थियों को 1.47 करोड़ रुपये, मई 2026 के लिए 4,879 लाभार्थियों को 1.46 करोड़ रुपये तथा जून 2026 के लिए 4,848 लाभार्थियों को 1.45 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
मंत्री ने बताया कि योजना का लाभ तब तक मिलता है, जब तक लाभार्थी 21 वर्ष की आयु पूरी नहीं कर लेता। बालिका लाभार्थी के विवाह अथवा लाभार्थी के रोजगार प्राप्त करने के बाद योजना का लाभ समाप्त हो जाता है।
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशक बंशीलाल राणा, सीपीओ अंजना गुप्ता सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें