
देहरादून, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, देहरादून के परिसर संस्थान महिला प्रौद्योगिकी संस्थान में विज्ञान भारती (विभा) एवं प्रज्ञा प्रवाह के संयुक्त तत्वावधान में वृक्षारोपण एवं वैज्ञानिक व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय परिसर में अतिथियों, शिक्षकों एवं संस्थान के अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण से हुई। इसके बाद सभागार में राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में प्रोफेसर डॉ. हेमवती नन्दन, डॉ. संतोष कुमार राय (वैज्ञानिक-एफ, वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी), डॉ. गौतम रावत (वैज्ञानिक-ई, वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी), डॉ. के.डी. पुरोहित (पूर्व प्रोफेसर एवं अध्यक्ष, विभा), डॉ. आशीष बगवारी (डीन, रिसर्च एवं अकादमिक), डॉ. विशाल रमोला (फैकल्टी समन्वयक, फैकल्टी ऑफ टेक्नोलॉजी), कार्यक्रम संयोजक के.सी. मिश्रा तथा अंशु सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
स्वागत उद्बोधन डॉ. विशाल रमोला ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर डॉ. गौतम रावत ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील बनने का आह्वान करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा से पर्यावरणीय मूल्यों को जोड़ने पर बल दिया। वहीं डॉ. संतोष कुमार राय ने पर्यावरण की वास्तविक प्रणाली एवं उसके वैज्ञानिक पक्षों की विस्तृत जानकारी दी।डॉ. के.डी. पुरोहित ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता तथा प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन से उत्पन्न हो रही समस्याओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. आशीष बगवारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण के व्यावहारिक उपायों को अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन सुश्री अदिति सिंह ने किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का आह्वान किया।








