सौतेले भाई की हत्या की साजिश रचने वाला 50 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 5 जून । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना राजपुर पुलिस ने करीब एक वर्ष पूर्व जाखन क्षेत्र में हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात के मास्टरमाइंड और 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी अमित भटेजा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने संपत्ति विवाद के चलते अपने ही सौतेले भाई अजय भटेजा की सुपारी देकर हत्या कराई थी।

मामला 26 मई 2025 का है, जब जीएमएस रोड निवासी जतिन कुमार ने थाना राजपुर में तहरीर देकर बताया था कि उनके ममेरे भाई अजय भटेजा की कृष्णा विहार, जाखन स्थित आवास में हत्या कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की सहायता से घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की। इसी क्रम में 19 मई 2026 को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर अजय भटेजा की हत्या करना स्वीकार किया। उसने बताया कि हत्या अमित भटेजा के कहने पर की गई थी।

इसके बाद पुलिस ने हुमेरा उर्फ जोया को 23 मई 2026 को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया, जबकि फरार अमित भटेजा की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने शुक्रवार को जिला न्यायालय परिसर के बाहर से अमित भटेजा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से संपत्ति और वाहनों से संबंधित कुछ दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

पूछताछ में अमित भटेजा ने बताया कि उसका सौतेला भाई अजय भटेजा देहरादून और मसूरी में कई संपत्तियों का मालिक था। आरोपी का आरोप था कि इन संपत्तियों में उसके पिता का भी पैसा लगा था, लेकिन अजय उसे किसी भी संपत्ति में हिस्सा देने को तैयार नहीं था। इसी रंजिश में उसने राजन उर्फ जैकी को अजय भटेजा की हत्या करने के लिए तैयार किया और बदले में जाखन स्थित संपत्ति में हिस्सा देने का लालच दिया।

पुलिस के अनुसार 25 मई 2025 को राजन और हुमेरा ने जाखन स्थित घर में अजय भटेजा का तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी थी। वारदात के अगले दिन अमित भटेजा मौके पर पहुंचा और वहां रखे संपत्ति संबंधी दस्तावेज अपने कब्जे में ले गया। बाद में जब राजन और हुमेरा पुलिस के हत्थे चढ़े और उसका नाम सामने आया तो वह फरार हो गया। पुलिस से बचते हुए वह अपने वकील से मिलने देहरादून न्यायालय पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी अमित भटेजा सहारनपुर के शारदा नगर क्षेत्र का निवासी है। इस मामले में पहले ही राजन उर्फ जैकी और हुमेरा उर्फ जोया को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

इस पूरे खुलासे में थाना राजपुर के प्रभारी निरीक्षक पी.डी. भट्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवेश रावत तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

और पढ़ें