मुख्यमंत्री आवास में 3-बी गार्डन का शुभारम्भ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 4 जून ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास परिसर स्थित राजकीय उद्यान, सर्किट हाउस में विकसित किए जा रहे 3-बी गार्डन (बी-फ्रेंडली, बटरफ्लाई-फ्रेंडली एवं बर्ड-फ्रेंडली गार्डन) के निर्माण कार्य का शुभारम्भ कृष्णा वट के पौधे का रोपण कर किया। यह विशेष उद्यान मधुमक्खियों, तितलियों और पक्षियों के संरक्षण एवं संवर्धन को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है।

उद्यान में परागण को बढ़ावा देने और जैव विविधता के संरक्षण के लिए विभिन्न प्रजातियों के पौधों का व्यापक स्तर पर रोपण किया जा रहा है। प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उद्यान के आसपास कीटनाशकों और अन्य हानिकारक रसायनों के उपयोग पर प्रतिबंध रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के उद्यान न केवल जैव विविधता संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, बल्कि मधुमक्खी पालन को भी बढ़ावा देंगे। साथ ही आमजन में पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी यह पहल सहायक सिद्ध होगी।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर उद्यान प्रभारी दीपक पुरोहित द्वारा उपयुक्त पौधों के चयन और रोपण की प्रक्रिया प्रारम्भ की गई। उद्यान में जामुन, शहतूत, सहजन, कदम्ब, कपूर, गुड़हल, अमरूद, नीम, बाँस, बॉटल ब्रश, जीनिया, कॉसमॉस, पेंटास, मिल्कवीड, पैशन फ्लावर, हमेलिया, इक्जोरा, लैंटाना, तुलसी, लैवेंडर, सूरजमुखी, रोजमेरी और पुदीना सहित अनेक प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं।

परिसर में पुराने और जीर्ण-शीर्ण वृक्षों के समीप नए पौधों का रोपण भी किया जा रहा है। इसके अलावा बांज, बुरांश, तेजपत्ता और पया जैसी उच्च हिमालयी एवं पर्वतीय प्रजातियों के पौधे भी लगाए गए हैं, जो परिसर की प्राकृतिक सुंदरता को बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग द्वारा किए जा रहे पर्यावरणीय और जैव विविधता संवर्धन के कार्यों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री आवास परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मधुमक्खी पालन गतिविधियों को व्यापक स्तर पर विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर सचिव शैलेश बगौली, उद्यान निदेशक डॉ. आर.के. सिंह तथा नरेंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें