यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोका

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 4 जून ।जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जीएमएस रोड स्थित बल्लीवाला फ्लाईओवर से कांवली रोड होते हुए सहारनपुर चौक तक उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) द्वारा कराए जा रहे भूमिगत विद्युत केबल बिछाने के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेन्द्र डोभाल के साथ निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कार्यस्थलों पर पर्याप्त मैनपावर और मशीनरी नहीं लगाई गई है, जिससे परियोजना की गति प्रभावित हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को रोड कटिंग समिति की शर्तों का पालन करते हुए पांच दिनों के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कांवली रोड से सहारनपुर चौक तक कई स्थानों पर सड़क किनारे निर्माण सामग्री और मलबा बिखरा मिला, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। इस पर जिलाधिकारी ने यूपीसीएल अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल मलबा और निर्माण सामग्री हटाने के आदेश दिए।

डॉ. चौहान ने निर्देश दिए कि 500-500 मीटर के पैच बनाकर प्रत्येक हिस्से में पर्याप्त श्रमिक और मशीनरी लगाई जाए तथा युद्धस्तर पर कार्य पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि केबल बिछाने का कार्य पूरा होते ही संबंधित मार्गों को सड़क पुनर्स्थापन के लिए लोक निर्माण विभाग को सौंपा जाए, ताकि मरम्मत कार्य तुरंत शुरू किया जा सके।

जिलाधिकारी ने यूपीसीएल अधिकारियों को प्रतिदिन कार्य प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क पुनर्स्थापन और मरम्मत कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप ही किए जाएं। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

इस दौरान जिलाधिकारी ने गैस पाइपलाइन परियोजना के तहत कार्य कर रही गैल को भी अनुमति की शर्तों के अनुरूप कार्य पूर्ण कर सड़कें लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। साथ ही लोनिवि अधिकारियों को मानसून से पहले सभी प्रभावित सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकेश सिंह, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि ओ.पी. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें