आंगनबाड़ी योजनाओं की समीक्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून, 26 मई 2026 (सू. ब्यूरो)

महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय मूल्यांकन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण, मिशन वात्सल्य और मिशन शक्ति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने टेक होम राशन के 100 प्रतिशत वितरण को फेस रिकग्निशन सिस्टम ( के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए सभी जरूरी तकनीकी और प्रशासनिक व्यवस्थाएं शीघ्र पूरी करने को कहा गया।
बैठक में जिलास्तर पर अंतर्विभागीय समन्वय को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि संबंधित समितियों की बैठकें नियमित रूप से तय समय पर आयोजित हों, ताकि विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा सके।आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने सभी केंद्रों में बिजली और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन केंद्रों में ये सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, उनकी सूची तैयार कर संबंधित विभागों को भेजने और आवश्यकता पड़ने पर फंड उपलब्ध कराने की बात कही गई।
भवन विहीन आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए मुख्य सचिव ने सुझाव दिया कि अनुपयोगी पंचायत भवनों का उपयोग आंगनवाड़ी केंद्रों के रूप में किया जाए। साथ ही, जर्जर भवनों की मरम्मत या पुनर्निर्माण कराने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त, विभाग के अधीन सभी राजकीय एवं स्वैच्छिक बाल देखरेख संस्थाओं का थर्ड पार्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए, ताकि सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।बैठक में प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव चन्द्रेश कुमार यादव, डॉ. वी. षणमुगम, रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें