
देहरादून, 16 मई ।प्रदेश के पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा कदम उठाया है। उनकी संस्था मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से इस वर्ष भी चारधाम यात्रियों के लिए 10 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा कराया गया है।
शनिवार को उन्होंने बीमा प्रीमियम की 3,67,995 रुपये की धनराशि का चेक प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपा। इस अवसर पर बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी और भाजपा युवा नेता सुयश रावत भी उपस्थित रहे।
महाराज ने बताया कि यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के माध्यम से कराया गया यह बीमा श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के जरिए लागू किया गया है। इसके तहत चारों धामों के लिए 2.50-2.50 करोड़ रुपये का कवरेज निर्धारित किया गया है।
बीमा पॉलिसी के अनुसार मंदिर परिसरों में भगदड़, प्राकृतिक आपदा (ईश्वरीय जोखिम) या आतंकवादी घटनाओं से प्रभावित प्रत्येक श्रद्धालु को एक लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।सतपाल महाराज ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि यात्रा पर आने से पहले चिकित्सकीय सलाह अवश्य लें और अपनी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार तैयारी करें। उन्होंने कहा कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी से स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए जरूरी दवाइयां और उपकरण साथ रखें।
उन्होंने यह भी कहा कि यात्री अपने साथ पहचान पत्र, यात्रा अनुमति और आवश्यक दस्तावेज रखें तथा सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए स्थानीय प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सफल बन सके।








