अनारवाला-मालसी मोटर मार्ग के मरम्मत कार्यों का किया निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 16 मई: कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को अनारवाला-मालसी मोटर मार्ग पर चल रहे मरम्मत एवं सुधार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री जोशी ने कहा कि यह मार्ग क्षेत्रवासियों के साथ-साथ पर्यटकों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए संभावित जोखिम वाले स्थानों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जाए। सड़क किनारे खड़े बड़े पेड़ों की लॉपिंग और छंटाई प्राथमिकता से कराई जाए, ताकि आंधी या तेज बारिश के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
इसके साथ ही मंत्री जोशी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि सड़क मार्ग में बाधा उत्पन्न कर रहे बिजली के पोलों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया या शिफ्ट किया जाए, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सड़क को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाएं। राज्य सरकार प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है और आमजन की सुरक्षा व सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी मसूरी अमित कंवर, लोक निर्माण विभाग के ईई राजेश कुमार, यूपीसीएल के ईई एसडीएस बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव गुरूंग, संध्या थापा, निर्मला थापा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

—0—

Leave a Comment

और पढ़ें