दून हस्तशिल्प बाजार 2026 का भव्य आयोजन 2 और 3 मई को

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 29 अप्रैल। महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हर्षल फाउंडेशन द्वारा ‘दून हस्तशिल्प बाजार 2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम इस बार 2 एवं 3 मई 2026 को होटल सैफ्रन लीफ, देहरादून में आयोजित होगा। कार्यक्रम का समय प्रातः 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक रहेगा।
फाउंडेशन की ट्रस्टी सेक्रेटरी डॉ. रमा गोयल ने बताया कि यह आयोजन महिलाओं को अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और उन्हें बाजार तक पहुंचाने का सशक्त मंच प्रदान करेगा। खास बात यह है कि इस बार हर्षल फाउंडेशन द्वारा प्रशिक्षित दिव्यांग बेटियों ने भी अपने स्टॉल लगाए हैं, जिससे यह आयोजन और अधिक प्रेरणादायक बन गया है।
उन्होंने बताया कि इस बाजार में केवल देहरादून ही नहीं, बल्कि हरिद्वार, रुड़की, सहारनपुर, इंदौर, आगरा, दिल्ली समेत कई शहरों की महिला उद्यमी भाग ले रही हैं। इससे कार्यक्रम का दायरा और प्रभाव और व्यापक हो गया है।
आयोजन में खरीदारी के साथ-साथ आगंतुकों के मनोरंजन के लिए कई आकर्षक गतिविधियां और प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इनमें लेडीज़ रैम्प वॉक, बच्चों की ड्रॉइंग प्रतियोगिता, बच्चों की डांस प्रतियोगिता, कुकिंग प्रतियोगिता, मेहंदी एवं फेस पेंटिंग प्रतियोगिता, बच्चों का फैंसी ड्रेस शो, बच्चों का फैशन शो तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं।डॉ. रमा गोयल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाओं को बढ़ावा मिलता है, साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिलता है। यह मंच उन्हें अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाने और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद करता है।
उन्होंने शहरवासियों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करें और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दें।
इस अवसर पर मेजर जनरल शम्मी सब्बरवाल, कल्पना अग्रवाल, निधि गर्ग, दीपा प्रसाद, इन्द्रेश गोयल, प्रिया गुलाटी और सुनील अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। हर्षल फाउंडेशन लगातार सामाजिक उत्थान, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक विकास के लिए कार्यरत है और ‘दून हस्तशिल्प बाजार 2026’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें