मसूरी रोड पर ओवरटेक को लेकर फायरिंग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 30 मार्च। मसूरी रोड पर वाहन को पास न देने को लेकर दो कार सवारों के बीच हुए विवाद में फायरिंग हो गई। इस दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को गोली लग गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव में फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक नगर समेत अन्य अधिकारी और राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर मालसी के पास एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और स्कॉर्पियो एन कार के बीच वाहन को पास देने को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए उसे रोकने के लिए उसके टायरों पर गोली चला दी। इसी दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को दुर्घटनावश गोली लग गई।
घटना के दौरान फॉर्च्यूनर कार राजकीय प्राथमिक विद्यालय जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर में बैठे लोगों के साथ मारपीट कर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना में फॉर्च्यूनर कार में सवार दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उनके साथियों ने अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद स्कॉर्पियो कार में सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पूरे जिले में नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।पुलिस के अनुसार मॉर्निंग वॉक के दौरान गोली लगने से घायल व्यक्ति की अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें