
देहरादून, 24 मार्च 2026।
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) डीबीएस (पीजी) कॉलेज की छात्राओं के सात दिवसीय विशेष शिविर के समापन अवसर पर तपोवन आश्रम, नालापानी में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की प्रबंधन समिति के सदस्य एवं यूथ रेडक्रॉस कमेटी के मुख्य आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. अनिल वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना राष्ट्र सेवा का आधार है। इसके माध्यम से युवा छात्र-छात्राएं समाज की सेवा करते हुए राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जब समाज स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक होता है, तभी राष्ट्र मजबूत बनता है। उन्होंने शिविर को सफल बताते हुए कार्यक्रम अधिकारियों और छात्राओं की सराहना की।विशेष सम्मान समारोह में कार्यक्रम अध्यक्ष एवं डीबीएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल पाल का प्रतिनिधित्व कर रहे समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पारितोष सिंह, एनएसएस की वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी प्रो. (डॉ.) शीतल कन्नौजिया तथा प्रो. (डॉ.) बरखा कमल ने 155 बार रक्तदान करने के लिए डॉ. अनिल वर्मा को “एनएसएस रक्तदान सेवा अवार्ड” से सम्मानित किया।वहीं रेडक्रॉस के डॉ. अनिल वर्मा और डॉ. पारितोष सिंह द्वारा सफल शिविर संचालन के लिए कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. शीतल कन्नौजिया और डॉ. बरखा कमल को “रेडक्रॉस बैज ऑफ ऑनर” प्रदान किया गया। अतिथियों ने शिविर में भाग लेने वाली सभी स्वयंसेवी छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं की विजेता छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।इस दौरान कृतिका देवली के नेतृत्व में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों के साथ गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी लोकगीतों एवं लोकनृत्यों की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।इससे पूर्व कैंप कमांडर कनक उप्रेती ने शिविर की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि सात दिवसीय शिविर के दौरान डॉ. अनिल वर्मा ने छात्राओं को आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न विषयों—जैसे जंगल और घरेलू आग, भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, बिजली गिरना, अतिवृष्टि और बाढ़ आदि—पर प्रशिक्षण दिया। साथ ही मलबे में फंसे घायलों को सुरक्षित निकालने की आपातकालीन रेस्क्यू तकनीक, रोप रेस्क्यू तथा प्राथमिक उपचार में हार्ट अटैक के दौरान सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।इसके अतिरिक्त रक्तदान, थैलेसीमिया, डेंगू, टीबी, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति और मतदाता जागरूकता जैसे विषयों पर भी छात्राओं को जागरूक किया गया। दधीचि देहदान समिति के सदस्य के रूप में उन्होंने नेत्रदान, अंगदान और देहदान के महत्व की जानकारी भी दी।कार्यक्रम में प्रो. (डॉ.) अटल बिहारी बाजपेयी, डॉ. के.पी. सिंह, डॉ. अरविंद चौधरी, डॉ. दिलीप शर्मा, डॉ. अभिषेक गुप्ता, एनसीसी अधिकारी कैप्टन (डॉ.) देवेश सिंह, डॉ. दिलीप सिंह सहित लगभग 100 शिविरार्थी छात्राएं उपस्थित रहीं।कार्यक्रम का संचालन कनिका उप्रेती और शिवानी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शीतल कन्नौजिया ने दिया।








