
देहरादून 22 मार्च। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर रविवार को इंदिरा नगर स्थित शिव मंदिर में ‘माँ शक्ति आराधना संध्या महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ब्रह्मकमल शक्ति संस्था की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माँ दुर्गा के चतुर्थ स्वरूप माँ कुष्मांडा की विधिवत पूजा-अर्चना की और भजन-कीर्तन के माध्यम से अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा। इस अवसर पर संस्था की ओर से मातृशक्ति को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया। श्रद्धालुओं ने माँ शक्ति से सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।ब्रह्मकमल शक्ति संस्था के अध्यक्ष ने कहा कि नवरात्र के चौथे दिन पूजित माँ कुष्मांडा शक्ति, स्वास्थ्य और सृजन की प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि चैत्र नवरात्र के अवसर पर मातृशक्ति का सम्मान करना संस्था के लिए सौभाग्य की बात है। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं।उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा को सशक्त बनाने में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसी उद्देश्य से संस्था विभिन्न क्षेत्रों में ‘माँ शक्ति आराधना संध्या महोत्सव’ का आयोजन कर रही है। इस दौरान मंदिर की कीर्तन मंडलियों और आयोजन से जुड़े सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए माँ शक्ति से सभी के मंगल और कल्याण की कामना की।





