धामदेवल चिकित्सालय का नाम वीर सैनिक मोहन सिंह महारा के नाम पर रखने की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भराड़ीसैंण (गैरसैंण), 11 मार्च। बजट विधानसभा सत्र–2026 के दौरान जनपद अल्मोड़ा के विकासखण्ड चौखुटिया से आए जनमानस कल्याण समिति धामदेवल के पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखते हुए मांगों से अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि चौखुटिया विकासखण्ड के अंतर्गत ग्राम सभा हाट-झला के मध्य स्थित राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय धामदेवल का नाम वर्ष 1971 के युद्ध के वीर सैनिक मोहन सिंह महारा के नाम पर रखा जाए। उनका कहना था कि इससे क्षेत्र के लोगों में देशभक्ति की भावना मजबूत होगी और वीर सैनिक के बलिदान को उचित सम्मान मिलेगा।

इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में शहीद स्वतंत्रता सेनानी स्थल के निर्माण की भी मांग रखी, ताकि आने वाली पीढ़ियां देश के वीरों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा ले सकें।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सैनिकों और पूर्व सैनिकों के सम्मान तथा उनके कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए जाएंगे।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व सैनिक रघुवर दत्त, महासचिव प्रताप सहित अन्य पूर्व सैनिक भी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें