देहरादून, दिनांक 10 जून 2026 ।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य में संचालित एसआईआर प्रक्रिया के अंतर्गत कांग्रेस पार्टी के सभी BLA-2 से निर्वाचन विभाग के बीएलओ के साथ सकारात्मक सहयोग एवं प्रभावी समन्वय स्थापित करने की अपील की है।श्री गोदियाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल हों तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से विलोपित न हो, यह सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी के सभी BLA-2 कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए निर्वाचन विभाग के अधिकारियों एवं बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करें। साथ ही नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं से संबंधित आवश्यक जानकारी तथा मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों के सुधार के लिए भी जागरूकता अभियान चलाएं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया की पक्षधर रही है। इसलिए सभी कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करें और मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं विश्वसनीय बनाने में अपनी रचनात्मक भूमिका निभाएं।उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्तर पर यदि पात्र मतदाताओं के नाम हटाने अथवा मतदाता सूची से संबंधित अनियमितताओं की शिकायत प्राप्त होती है तो कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीकों से उसे निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएगी।






