
देहरादून, 10 जून। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के उपलक्ष्य में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु जीवन, उत्तम स्वास्थ्य और देश की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का एक गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 4399 दिनों के दौरान देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं। यह उपलब्धि केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास और समर्थन का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, युवाओं के लिए रोजगार एवं अवसरों का सृजन, डिजिटल क्रांति, आधुनिक आधारभूत संरचना का विकास, आत्मनिर्भर भारत अभियान और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की देन है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में और अधिक गति से आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम में दिगम्बर भरत गिरी जी महाराज, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, गोरखा कल्याण परिषद की अध्यक्ष ज्योति कोटिया, दायित्वधारी शमशेर सिंह बिष्ट, मण्डल अध्यक्ष प्रदीप रावत, सिकन्दर सिंह, पार्षद भूपेन्द्र कठैत, संजय नौटियाल, वंदना बिष्ट, मनोज क्षेत्री, देवेन्द्र पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





