देहरादून 07 मार्च ।
दूरदर्शन उत्तराखंड के सहायक निदेशक अनिल भारती ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवा छात्र-छात्राओं में समाज सेवा की भावना जाग्रत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से युवा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हैं और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं।
अनिल भारती रायपुर स्थित बाल भवन में डीएवी पीजी कॉलेज के एनएसएस डी यूनिट के सात दिवसीय विशेष वार्षिक शिविर के समापन एवं सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छात्रों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से श्रमदान, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता, अंधविश्वास उन्मूलन, विभिन्न रोगों के प्रति जागरूकता, मतदाता जागरूकता और नशामुक्ति जैसे अभियानों के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया जाता है।
यूथ रेडक्रॉस कमेटी के मुख्य आपदा प्रबंधन अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि शिविर के दौरान छात्रों को आपदा प्रबंधन से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसमें अग्निशमन, भूकंप, भूस्खलन और बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने तथा सीपीआर जैसे महत्वपूर्ण जीवनरक्षक उपायों का प्रशिक्षण शामिल रहा।
प्रशिक्षण के बाद एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सत्यम द्विवेदी के निर्देशन और टीम लीडर विवेक सिंह व गौरी शंकर के नेतृत्व में स्वयंसेवी छात्रों ने विभिन्न रेस्क्यू तकनीकों का प्रदर्शन किया। इसमें ह्यूमन क्रेडल, फायरमैन लिफ्ट, फोर एंड आफ्ट मेथड, टू-थ्री-फोर हैंड्स मेथड, टो ड्रैग, मंकी क्रॉल सहित रोप रेस्क्यू तकनीकों का भी सफल प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनिल वर्मा को 155 बार रक्तदान करने और छात्रों को आपदा प्रबंधन, अग्निशमन तथा प्राथमिक चिकित्सा का प्रभावी प्रशिक्षण देने के लिए एनएसएस विशेष सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं शिविर के सफल संचालन के लिए एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सत्यम द्विवेदी को यूथ रेडक्रॉस बैज ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अनिल भारती को शॉल ओढ़ाकर, पौधा और पर्यावरण विषय पर आधारित पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. हरिओम शंकर ने भी अपनी स्वरचित पुस्तकें भेंट कर अतिथियों का सम्मान किया।
डीएवी कॉलेज प्रबंधन समिति के सदस्य डॉ. अरुण कुमार ने छात्रों के अनुशासन की सराहना की। वहीं बाल भवन प्रबंधन समिति की कोषाध्यक्ष डॉ. आशा श्रीवास्तव, मेजर डॉ. अतुल सिंह, डॉ. प्रशांत सिंह, डॉ. विनीत विश्नोई, डॉ. विवेक त्यागी, डॉ. अमित कुमार शर्मा, डॉ. दीपेंद्र निगम और डॉ. पारितोष सहित कई वक्ताओं ने भी छात्रों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम में डॉ. नेहा, सिविल डिफेंस के सर्वेश कुमार, विनय कुकसाल, जगमोहन चौहान, सुनील थापा, शिव प्रसाद तिवारी, डी.के. दीक्षित सहित अनेक गणमान्य नागरिक और छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ड्राइंग एंड पेंटिंग विभागाध्यक्ष एवं पूर्व एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरिओम शंकर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सत्यम द्विवेदी ने दिया।
दूरदर्शन उत्तराखंड के सहायक निदेशक अनिल भारती ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवा छात्र-छात्राओं में समाज सेवा की भावना जाग्रत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से युवा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हैं और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं।



