देहरादून, 07 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को गढ़ी कैंट स्थित मानेकशॉ सभागार में महिला सशक्तिकरण और सम्मान को समर्पित भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम हाम्रो स्वाभिमान ट्रस्ट (उत्तराखंड शाखा), गोर्खाली सुधार सभा और सबकी सहेली फाउंडेशन ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि साध्वी देवादिति, गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा, वरिष्ठ समाजसेवी देवमाया गुरुङ, ग्राम प्रधान तनुजा घले और पूर्व पार्षद समिधा गुरुङ द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा और महिला अधिकारों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श के साथ सम्मान समारोह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आयोजित की गईं। ट्रस्ट की उत्तराखंड शाखा अध्यक्ष पूजा सुब्बा चंद ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, अधिकारों और समाज में उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद करने और सराहने का अवसर है।
अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने अपने संबोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि सतत प्रयास है। जब तक समाज में हर महिला सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर नहीं होगी, तब तक विकास अधूरा रहेगा।
मुख्य अतिथि साध्वी देवादिति ने कहा कि महिलाएं केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत स्तंभ हैं। आज की नारी शिक्षा, विज्ञान, राजनीति, खेल और सामाजिक सेवा सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही है। उन्होंने सभी से घर, समाज और कार्यस्थल पर महिलाओं को सम्मान और समान अवसर देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं में सरिता गुरुङ, दीना थापा, अनीता घले, सोनिया घले, राखी गुरुङ, चंदा घले, टीना गुरुङ, रोहिणी अवस्थी, ऋतु राई, सीमा गुरुङ तथा वरिष्ठ महिला सम्मान के रूप में विमलेश थापा शामिल रहीं।
कार्यक्रम के दौरान सोनाली राई द्वारा प्रस्तुत भजन-गीतों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं यामुराना ग्रुप ने गढ़वाली, कुमाऊनी और गोर्खाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भर दिए।
इस मौके पर आयोजित सरप्राइज खेल प्रतियोगिता में श्यामपुर की नीना थापा और गढ़ी की सुनीता विजेता रहीं।
कार्यक्रम का संचालन देवकला देवान ने किया। इस अवसर पर शुभवंती उपाध्याय, डॉ. सोनिया आनंद, सीमा पुंडीर (अधिवक्ता), प्रमिला खत्री, निर्मला काफले, माया पंवार, सृजना अधिकारी, रीता देवी, उमा उपाध्याय, विनीता थापा, शांता पंथी, कमला पंथी, सीता शर्मा, पुष्पा छेत्री, सरोज गुरुङ, उषा थापा, सोनिका थापा, संगीता गुरुङ, माला मल्ल, दिलकुमारी थापा, अनुराधा चालीसे, कीर्ति थापा, रूपाली शाही, उमा थापा, यमकला खड़का, तारा शर्मा, मीनू राणा, दीक्षा गौतम, यशोदा, वाई.बी. थापा, हरि बहादुर, एन.बी. खत्री, मधुसूदन शर्मा, नील कमल चंद, पी.एन. शेर्पा, पार्षद सागर लामा और आकाश गुरुङ सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को सम्मान स्वरूप पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।



