देहरादून 01 मार्च
। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगामी 7 मार्च को प्रस्तावित हरिद्वार भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, यातायात, जनसुविधाओं और विभागीय समन्वय से जुड़ी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों, इसके लिए पुख्ता कार्ययोजना बनाई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी है, इसलिए कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने, यातायात प्रबंधन के लिए प्रभावी योजना तैयार करने, पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
साथ ही कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए, ताकि केंद्रीय गृह मंत्री का हरिद्वार भ्रमण सफलतापूर्वक और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय, हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को तैयारियों की प्रगति और विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।








