खटीमा 28 फरवरी ।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी फुटबॉल मैदान लोहियाहेड में टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के सौजन्य से निर्मित ओपन जिम का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल एवं फिटनेस से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने गांधी फुटबॉल मैदान में आयोजित स्वास्तिक नर्सिंग कॉलेज की वार्षिक खेल प्रतियोगिता का फीता काटकर शुभारंभ किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास होता है तथा अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का निर्माण होता है। उन्होंने युवाओं से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर संकल्प और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि करियर का सशक्त विकल्प बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों से देश में खेलों का बुनियादी ढांचा मजबूत हुआ है। इसके परिणामस्वरूप भारतीय खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है। “देवभूमि अब खेलभूमि के रूप में भी अपनी नई पहचान बना रही है,” मुख्यमंत्री ने गर्व के साथ कहा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है। अब तक 28 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति दी जा चुकी है तथा इस वर्ष 10 हजार युवाओं की भर्ती की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ओपन जिम के उपकरणों का अवलोकन कर स्वयं व्यायाम किया और क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्तिक नर्सिंग कॉलेज के पदाधिकारी, विद्यार्थी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।









