हिमवीरों के संग रंगों का उत्सव: मुख्यमंत्री ने आईटीबीपी जवानों का बढ़ाया मनोबल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


चम्पावत/लोहाघाट 27 फरवरी।
पुष्कर सिंह धामी ने लोहाघाट स्थित 36वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) परिसर पहुंचकर देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात हिमवीरों के साथ होली का पर्व मनाया। इस अवसर पर उन्होंने जवानों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं, उपहार भेंट किए तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में हिमवीरों का योगदान अतुलनीय है। सीमांत क्षेत्रों की विषम भौगोलिक और कठिन जलवायु परिस्थितियों में तैनात हमारे वीर जवान देशवासियों की सुरक्षा का सशक्त कवच हैं। उन्होंने कहा कि आईटीबीपी के जवान न केवल सीमाओं की रक्षा करते हैं, बल्कि आपदा और संकट की घड़ी में भी अग्रिम पंक्ति में रहकर सेवा का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि पर्व-त्योहार हमें प्रेम, सौहार्द, भाईचारे और एकता का संदेश देते हैं। ऐसे पावन अवसर पर अपने परिवारों से दूर रहकर मातृभूमि की सेवा में समर्पित हिमवीरों का त्याग और बलिदान पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जवानों के साथ संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और देश सेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत रहा।

Leave a Comment

और पढ़ें