
लोहाघाट होली रंग महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री
जनसमुदाय संग साझा की उत्सव की खुशियां
चम्पावत, 27 फरवरी । जनपद चम्पावत के लोहाघाट स्थित रामलीला मैदान में आयोजित काली कुमाऊँ होली रंग महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर जनसमूह को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने पारंपरिक कुमाऊँनी होली एवं शास्त्रीय होली गायन में भाग लेते हुए स्थानीय कलाकारों और नागरिकों के साथ होली के गीत गाए तथा उत्सव का आनंद साझा किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, परंपराएं और पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान के आधार स्तंभ हैं। चम्पावत की काली कुमाऊँ होली अपनी विशिष्ट शैली और पारंपरिक होली गायन के लिए विशेष पहचान रखती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध विरासत को सहेजने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सद्भाव और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आधुनिक परिवेश के बीच भी चम्पावत में पारंपरिक संस्कृति को जीवंत बनाए रखना अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने आयोजन समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के महोत्सव सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों के साथ होली खेलकर उत्सव की खुशियों को साझा किया और प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर सांसद (लोकसभा) एवं भारत सरकार में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, प्रेमा पांडे, मुकेश कलखुड़िया, सुभाष बगोली, हिमेश कलखुड़िया, निर्मल महरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।








