पिलखी पीएचसी का सीएचसी में उच्चीकरण, घनसाली को मिली स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे की बड़ी सौगात
घनसाली (टिहरी) 26 फरवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद टिहरी के घनसाली पहुंचकर 41.21 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 13.43 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण तथा 27.78 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पिलखी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उच्चीकृत किए जाने का शिलान्यास भी किया गया। अस्पताल हेतु भूमि दान करने वाले कृष्णा गैरोला एवं उनके परिवार को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, उनका कार्य किसी भी स्थिति में रुकना नहीं चाहिए और शीघ्र उनका लोकार्पण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ कर रही है। इच्छाशक्ति के बल पर संसाधनों की कमी को भी दूर किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। डीबीटी के माध्यम से योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाया जा रहा है। नंदा गौरा योजना के अंतर्गत बेटियों को 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि घनसाली क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
स्वर्गीय इंद्रमणी बडोनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की प्रमुख मांगों पर प्राथमिकता से कार्य करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है तथा अवैध अतिक्रमण हटाकर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है। पिलखी-बेलेश्वर क्षेत्र में उप-चिकित्सालय स्थापित करने की घोषणा भी की गई। मुख्यमंत्री ने होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्राप्त ज्ञापनों में शामिल योजनाओं को मुख्यमंत्री घोषणा में सम्मिलित किया जाएगा।
विधायक घनसाली शक्तिलाल शाह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए 30 बेड अस्पताल, तीनगढ़ पुनर्वास, बालगंगा पुल हेतु धनराशि स्वीकृति, विद्यालय भवन निर्माण एवं बिजलीघर शिलान्यास जैसे कार्यों के लिए आभार जताया। उन्होंने 37 सूत्रीय मांगपत्र भी सौंपा, जिनमें अखोड़ी का उच्चीकरण, थाती भटवाड़ा में बाढ़ सुरक्षा कार्य, धमातोली हाईस्कूल का इंटर कॉलेज में उच्चीकरण, ब्लॉक मुख्यालय में मिनी स्टेडियम निर्माण, कोठार-सौड़ सड़क निर्माण तथा गेंवली बुद्धकेदार और पिंडवाड़ में उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापना प्रमुख हैं।
लोकार्पित योजनाओं में पीएमजीएसवाई के अंतर्गत धमातोली-घनसाली-अखोड़ी मोटर मार्ग (वाया चांजी) अपग्रेडेशन, नागेश्वर सौड़ से गोना (वाया सरकंडा) मोटर मार्ग अपग्रेडेशन तथा विकासखंड भिलंगना के राजकीय इंटर कॉलेज कोट विशन के भवन का पुनर्निर्माण कार्य शामिल हैं।
शिलान्यास की गई योजनाओं में विश्व बैंक पोषित यू-प्रिपेयर योजना के तहत हनुमान मंदिर के समीप 50 मीटर इंटरमीडिएट लेन स्टील गर्डर मोटर सेतु निर्माण, तहसील बालगंगा के आवासीय एवं अनावासीय भवन निर्माण, गंगी में स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकरण शामिल हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, एसएसपी आयुष अग्रवाल, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, राज्यमंत्री (उपाध्यक्ष) हस्तशिल्प एवं हथकरघा वीरेंद्र दत्त सेमवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।







