चारधाम यात्रा से पहले संचालित होगा संयुक्त चिकित्सालय डाकपत्थर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 26 फरवरी। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने सचिव स्वास्थ्य सचिन कुर्वे से मुलाकात कर खंडहर में तब्दील हो रहे संयुक्त चिकित्सालय, डाकपत्थर को शीघ्र संचालित किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने अस्पताल के संचालन हेतु आवश्यक पद सृजन एवं मूलभूत व्यवस्थाएं जल्द पूरी करने का आग्रह किया।
नेगी ने निजी अस्पतालों द्वारा मरीजों से की जा रही कथित लूटपाट, विशेषकर आईसीयू और वेंटिलेटर में भर्ती मरीजों तथा मृत मरीजों के परिजनों से अत्यधिक शुल्क वसूली जैसे मामलों पर कड़ा रोष जताया। उन्होंने कहा कि कुछ निजी अस्पताल उपचार केंद्र के बजाय लूट केंद्र बनते जा रहे हैं और आयुष्मान एवं गोल्डन कार्ड धारकों के साथ भी अनियमितताएं हो रही हैं। इन मामलों की गहन जांच होने पर चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं।
सचिव स्वास्थ्य ने चारधाम यात्रा से पहले संयुक्त चिकित्सालय डाकपत्थर को संचालित करने तथा निजी अस्पतालों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए विजिलेंस सेल के गठन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
नेगी ने कहा कि संयुक्त चिकित्सालय मोर्चा के प्रयासों से कई माह पूर्व स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित हो चुका है और अब इसे आमजन की सुविधा के लिए जल्द शुरू किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी स्तर पर मनमानी और लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें