देहरादून, 22 फरवरी। राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में रविवार को बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को मजबूत करने और देशविरोधी राजनीति का जवाब देने के उद्देश्य से पार्टी में शामिल हुए हैं।
बलबीर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय में पहुंचे पूर्व सैनिकों का स्वागत करते हुए प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और तरुण बंसल ने उन्हें संगठन की रीति-नीति और विचारधारा की जानकारी दी। इसके बाद सभी को पार्टी का पटका पहनाकर औपचारिक रूप से सदस्यता दिलाई गई।
कुंदन परिहार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है, जो ‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय और स्वयं अंतिम’ के सिद्धांत को मानती है। उन्होंने कहा कि सैनिकों का अनुशासित जीवन, समर्पण और राष्ट्रभावना संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगी तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को समयपूर्व प्राप्त करने में सहायक होगी।
पार्टी में शामिल हुए पूर्व सैनिकों ने एक स्वर में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अभूतपूर्व गति से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल विकास की रफ्तार को प्रभावित करने और देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एआई समिट के संदर्भ में भी उन्होंने नाराजगी जताई और कहा कि अब समय आ गया है कि वे सक्रिय रूप से आगे आकर सरकार की नीतियों को मजबूती दें।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में ऑनरेरी कैप्टन अजय रावत, कैप्टन बचन सिंह रावत, कैप्टन चंदन सिंह, कैप्टन मदन सिंह गोसाई, सूबेदार दिलीप सिंह राणा, हवलदार श्याम पंवार, मदन सिंह गुसाईं, महिपाल सिंह, रंजन चतुर्वेदी, जगत सिंह पुंडीर, विक्रम सिंह, विनोद अवस्थी और भगत सिंह राणा सहित अनेक पूर्व सैनिक शामिल रहे।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी, सोशल मीडिया प्रभारी हिमांशु संगथानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।







