निदेशक प्रारंभिक शिक्षा ने विधायक उमेश शर्मा काऊ पर जानलेवा हमले का लगाया आरोप, रायपुर थाने में तहरीर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 21 फरवरी ।प्रारंभिक शिक्षा निदेशक ने उमेश शर्मा काऊ और उनके समर्थकों पर कार्यालय में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और सरकारी अभिलेख फाड़ने का आरोप लगाया है। इस संबंध में थाना रायपुर में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है। घटना के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति है।
तहरीर के अनुसार शनिवार 21 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12:10 बजे विधायक अपने समर्थकों के साथ ननूरखेड़ा स्थित निदेशालय परिसर में पहुंचे। उस समय निदेशक अपने कक्ष में अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों पर चर्चा कर रहे थे। आरोप है कि विधायक ने कक्ष में प्रवेश करते ही कर्मचारियों को गाली-गलौज करते हुए बाहर जाने को कहा और उनके साथ आए लोगों ने भी बाहर न जाने पर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
निदेशक का आरोप है कि कर्मचारियों के बाहर निकलने के बाद कक्ष का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया गया। इस दौरान उनसे मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया गया और एक राजकीय प्राथमिक विद्यालय से संबंधित प्रकरण तत्काल निस्तारित करने का दबाव बनाया गया। निदेशक द्वारा प्रकरण शासन स्तर पर लंबित होने की जानकारी देने पर कथित रूप से धक्का-मुक्की और जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना की आवाज बाहर तक पहुंचने पर कर्मचारियों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया और दोपहर 12:37 बजे 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि दरवाजा खुलने के बाद भी विधायक और उनके समर्थक मारपीट पर उतारू रहे। बीच-बचाव करने आए कर्मचारियों, जिनमें महिला कार्मिक भी शामिल थीं, के साथ अभद्रता की गई। निदेशक का कहना है कि उन पर और बचाव में आए कर्मचारियों पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे वे और कुछ कर्मचारी घायल हो गए।
तहरीर में यह भी आरोप है कि हमलावरों ने कार्यालय की पत्रावलियां फाड़ दीं, कुछ दस्तावेज अपने साथ ले गए और फर्नीचर उठाकर फेंका। कार्यालय के बाहर बोर्ड और गमले तोड़ने तथा नारेबाजी करने की बात भी कही गई है। निदेशक ने आंख और चेहरे पर गंभीर चोट लगने की बात कही है और चिकित्सालय में उपचार कराने का उल्लेख किया है।
निदेशक ने तहरीर में आशंका जताई है कि समय पर कर्मचारियों द्वारा हस्तक्षेप न किया जाता तो उनकी जान को खतरा हो सकता था। उन्होंने संबंधित पक्षों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई तथा अपनी और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। घटना के बाद शिक्षा विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश है और वे दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे ।

Leave a Comment

और पढ़ें