चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियां तेज, विनय शंकर पांडेय ने स्टेकहोल्डर्स संग की बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 16 फरवरी । आगामी चारधाम यात्रा 2026 के सफल, सुव्यवस्थित और सुरक्षित संचालन को लेकर गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने सोमवार को ट्रांजिट कैम्प ऋषिकेश में होटल एसोसिएशन, टूर एंड ट्रेवल्स यूनियन और डंडी-कंडी संचालकों के साथ अहम बैठक की। बैठक में यात्रा के दौरान संभावित चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई। गढ़वाल पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप भी बैठक में मौजूद रहे।
आयुक्त ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के ‘अतिथि देवो भवः’ संकल्प के अनुरूप यात्रा की तैयारियां व्यापक स्तर पर चल रही हैं। कपाट खुलने की तिथियां घोषित हो चुकी हैं—अक्षय तृतीया पर 19 अप्रैल 2026 को गंगोत्री मंदिर और यमुनोत्री मंदिर के कपाट खुलेंगे। केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ मंदिर के कपाट 23 अप्रैल 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।
विनय शंकर पांडेय ने कहा कि यात्रा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए सभी पक्षों के सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा। व्यवहारिक समस्याओं के समाधान के लिए अपर आयुक्त की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है, जिसकी संस्तुतियों के आधार पर एक-दो दिन में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने का प्रयास होगा।
होटल एसोसिएशन की मांग पर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष यात्रियों की संख्या पर कोई सीमा नहीं होगी, लेकिन प्रत्येक यात्री के लिए पंजीकरण अनिवार्य रहेगा। फर्जी पंजीकरण पर रोक लगाने के लिए न्यूनतम शुल्क तय किया जाएगा और प्रक्रिया को सरल व पारदर्शी बनाया जाएगा।
टूर एंड ट्रेवल्स यूनियन के सुझाव पर आयुक्त ने निर्देश दिए कि यात्रा में स्थानीय वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी। निजी वाहनों द्वारा अवैध रूप से सवारी ढोने पर सख्त प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिन होटलों में यात्रियों का ठहराव होगा, वहीं पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया। डंडी-कंडी संचालकों के पंजीकरण, सत्यापन और शुल्क निर्धारण को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
आयुक्त ने सभी स्टेकहोल्डर्स को भरोसा दिलाया कि उनके सुझावों पर अमल करते हुए श्रद्धालुओं को सरल, सुगम और सुरक्षित यात्रा अनुभव प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, अपर आयुक्त प्रशासन उत्तम सिंह चौहान, सभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी, उप निदेशक पर्यटन अमित लोहनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और होटल, ट्रेवल्स व डंडी-कंडी संचालकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें