पदोन्नति में आरक्षण लागू करे सरकार – रघुनाथ आर्य

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 16 फरवरी ।उत्तराखंड एससी एसटी एम्पलाइज फेडरेशन के प्रांतीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए पूर्व अपर शिक्षा निदेशक रघुनाथ आर्य ने कहा कि राज्य सरकार को पदोन्नति में आरक्षण के मुद्दे पर शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2012 में गठित जस्टिस इरशाद हुसैन आयोग की रिपोर्ट सरकार के पास उपलब्ध है, जिस पर विधानसभा में चर्चा कर ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग का प्रतिनिधित्व बेहद कम हुआ है, इसलिए पदोन्नति के पदों में उनका समुचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना नितांत आवश्यक है। साथ ही बैकलॉग पदों को भरने पर भी जोर दिया।
फेडरेशन के संस्थापक मदन कुमार शिल्पकार ने कहा कि लंबे समय से वंचित वर्ग का अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है। यदि सरकार ने इस दिशा में गंभीर पहल नहीं की तो समाज आंदोलन के लिए बाध्य हो सकता है।
अधिवेशन की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह बुटोइया ने बताया कि संगठन की नियमावली में संशोधन का प्रस्ताव पारित किया गया है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति अध्यक्ष पद पर दो कार्यकाल से अधिक चुनाव नहीं लड़ सकेगा। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल की कार्यकारिणियों का गठन भी प्रदेश कार्यकारिणी की तर्ज पर किया जाएगा तथा शुल्क वितरण की व्यवस्था को व्यवस्थित बनाया जाएगा।
निर्वाचन प्रक्रिया तीन पर्यवेक्षकों की देखरेख में संपन्न हुई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रधानाचार्य रामबाबू विमल ने प्रांतीय कार्यकारिणी के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। अध्यक्ष पद पर रघुवीर सिंह तोमर तथा महामंत्री पद पर इं. सुनीत सिंह निर्वाचित घोषित किए गए।
इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महिला उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, संगठन सचिव और प्रचार-प्रसार सचिव सहित विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों का चयन किया गया। अधिवेशन का संचालन फेडरेशन के सचिव प्रमोद कुमार चौधरी ने किया।
कार्यक्रम में प्रदेश और जिलों से आए बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें