हल्द्वानी। शहर के गल्ला मंडी क्षेत्र के
में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक और युवती के खून से सने शव पड़े मिले। दोनों की बेरहमी से पत्थरों से सिर कुचलकर हत्या की गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एसएसपी, एसपी सिटी मनोज कत्याल सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार युवक की पहचान शिवम टम्टा निवासी खोल्टा के रूप में हुई है। वह पहले तिकोनिया क्षेत्र स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में कार्य कर चुका था। बताया जा रहा है कि उसके पारिवारिक जीवन में भी पहले विवाद रहे हैं।
वहीं युवती की पहचान 19 वर्षीय लक्ष्मी पोखरियाल के रूप में हुई है। वह मुखानी क्षेत्र में किराये पर रहकर एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और साथ ही एक स्टोर में काम करती थी। पूर्व में वह अपने भाई के साथ गौशाला क्षेत्र में रहती थी, बाद में मुखानी में अकेले रहने लगी थी
पुलिस को युवक की जेब से दो पहचान पत्र मिले हैं एक टनकपुर पते का और दूसरा अल्मोड़ा जिले का। पुलिस इन दस्तावेजों के आधार पर उसके संपर्कों और हाल की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
नवीन मंडी स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हत्यारों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों घटनास्थल पर खुद पहुंचे थे या उन्हें कहीं और से लाकर यहां वारदात को अंजाम दिया गया।फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून लगे पत्थर समेत कई अहम साक्ष्य कब्जे में लिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है। इलाके में दहशत का माहौल है और लोग घटना से स्तब्ध हैं।








