देहरादून, 11 फरवरी। परेड ग्राउंड के सामने तिब्बती मार्केट के पास बुधवार सुबह साढ़े दस बजे एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल दून अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार के रूप में हुई है। वह जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी बताए जा रहे हैं।घटना की जानकारी मिलते ही उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का पारिवारिक व्यवसाय को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते उनकी माता द्वारा उच्च न्यायालय से अपने पुत्र से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा भी ली गई थी।पुलिस के अनुसार स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। जनपद भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि घटना के खुलासे के लिए सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है।








