देहरादून, 10 फरवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के कार्यों की समीक्षा करते हुए राज्य के दोनों मंडलों में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण बहुउद्देशीय भवन/सामुदायिक भवन के निर्माण पर सहमति प्रदान की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित भवनों में बैंकट हॉल, गेस्ट हाउस, सभागार, प्रशिक्षण कक्ष, बैठक कक्ष सहित सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि सामाजिक, शैक्षिक और प्रशासनिक गतिविधियों का सुचारू संचालन हो सके। उन्होंने बहुउद्देशीय भवनों की डीपीआर शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि ओबीसी बाहुल्य क्षेत्रों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा नियमित समीक्षा के माध्यम से योजनाओं की प्रगति पर निगरानी रखने को कहा।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि लाभार्थियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर योजनाओं में आवश्यक सुधार किए जाएं, ताकि उनका लाभ अधिक प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और ओबीसी वर्ग के उत्थान हेतु शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
बैठक में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव श्रीधर बाबू अदांकी, अपर सचिव नवनीत पांडे, अपर सचिव संदीप तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







