यमकेश्वर में सीएम योगी ने सराहा धामी सरकार का विकास मॉडल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पौड़ी। यमकेश्वर महादेव की पावन भूमि पर नवनिर्मित इंटर कॉलेज भवन के लोकार्पण अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण करते हुए विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा बन रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि राज्य स्थापना की रजत जयंती के बाद उत्तराखंड विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और आधारभूत ढांचे के साथ-साथ सनातन संस्कृति और धार्मिक स्थलों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यही संतुलित विकास की असली पहचान है।
उन्होंने यमकेश्वर जैसे पावन क्षेत्र में आधुनिक शैक्षणिक भवन के निर्माण को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताया। बेहतर सुविधाओं से ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मार्ग प्रशस्त होगा।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का उल्लेख करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नई व्यवस्था विद्यार्थियों को जीवन के हर क्षेत्र में सक्षम बनाने की दिशा में काम कर रही है। भारतीय परंपरा के संस्कार, आत्मनिर्भरता और परिश्रम को आधुनिक रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।
कोरोना काल का प्रसंग साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उस समय उत्तर प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड के छात्रों को भी सुरक्षित घर पहुंचाने में सहयोग किया था। संकट के समय आपसी समन्वय ही सुशासन की पहचान है।
मुख्यमंत्री योगी ने गांवों को विकास की जड़ बताते हुए कहा कि जब गांव मजबूत होंगे, तभी राष्ट्र सशक्त बनेगा। उत्तराखंड सरकार शिक्षा, तकनीक और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से ‘ग्राम स्वराज’ की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें