जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर में 5,238 लोगों की सहभागिता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरिद्वार, 05 फरवरी 2026।
विकासखंड रुड़की की न्याय पंचायत खंजरपुर स्थित पंचायत घर टोडा कल्याणपुर अहतमाल में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने की।
शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की जन-कल्याणकारी योजनाओं से 2,251 क्षेत्रवासियों को लाभान्वित किया गया, जबकि 1,245 लोगों को विभिन्न प्रमाण पत्र जारी किए गए। कार्यक्रम में 5,238 लोगों ने सहभागिता की।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 66 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 46 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। प्रमुख समस्याओं में भूमि विवाद, अतिक्रमण, विद्युत बिल, जलभराव, चकरोड़ तथा साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) देशराज कर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रदेश की सभी न्याय पंचायतों में यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि पात्र नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुँचाया जा सके और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो।
उन्होंने कहा कि शिविरों में ग्रामीणों की भारी भागीदारी देखने को मिल रही है और बहुउद्देशीय शिविरों से क्षेत्रीय जनता को व्यापक लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर राज्य मंत्री एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री/भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी किया।
मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान शिविर में नहीं हो पाया है, उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने क्षेत्रवासियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।
शिविर में विधायक उमेश कुमार शर्मा, ग्राम प्रधान वाजिद अली, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, खंड विकास अधिकारी सुमन कोटियाल सहित क्षेत्र के ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें