सड़क हादसे में घायल पत्रकार दंपत्ति से मिले पिटकुल एमडी पी.सी. ध्यानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 04 फरवरी। पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखण्ड लिमिटेड (पिटकुल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने बुधवार को सड़क दुर्घटना में घायल डीडी न्यूज/दूरदर्शन के वरिष्ठ पत्रकार अवधेश नौटियाल एवं उनकी पत्नी पूजा नौटियाल से उनके आवास पर मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने दंपत्ति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पिटकुल एमडी ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की स्पष्ट सोच है कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और निर्माण कार्यों में सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में 21 जनवरी 2026 को उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यस्थल पर अतिरिक्त मानव शक्ति की तैनाती सुनिश्चित की गई थी, साथ ही अभियंताओं का ड्यूटी चार्ट भी तय किया गया था। इसके बावजूद सड़क खुदाई के बाद सुरक्षा मानकों का पालन न होना गंभीर लापरवाही है।
उन्होंने कहा कि चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के बिना किया गया कार्य आमजन के जीवन को खतरे में डालता है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
गौरतलब है कि 31 जनवरी को नेहरू कॉलोनी स्थित एलआईसी बिल्डिंग के समीप पिटकुल द्वारा बिजली लाइन की भूमिगत केबलिंग का कार्य कराया जा रहा था। इस दौरान ठेकेदार द्वारा सड़क की खुदाई अव्यवस्थित ढंग से की गई और मौके पर किसी प्रकार की बैरिकेडिंग या चेतावनी संकेतक नहीं लगाए गए। इससे सड़क फिसलन भरी हो गई और पत्रकार अवधेश नौटियाल सहित तीन दर्जन से अधिक दुपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में पूजा नौटियाल के पैर में फ्रैक्चर हुआ, जबकि अवधेश नौटियाल भी घायल हो गए।
प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने घटना पर खेद व्यक्त करते हुए संबंधित कार्यदायी एजेंसियों को भविष्य में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधीक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि हादसे में घायल अन्य लोगों के नाम, पते और मोबाइल नंबर तत्काल उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उनसे संपर्क कर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा सके।
पिटकुल की ओर से कहा गया कि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों में हुई लापरवाही से जनमानस को हुई असुविधा एवं हादसों पर निगम को खेद है। पिटकुल पीड़ितों एवं उनके परिवारों के साथ खड़ा है और आश्वस्त करता है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी ।

Leave a Comment

और पढ़ें