देहरादून 02 फरवरी। केंद्र सरकार ने रेल बजट 2026-27 में उत्तराखंड को बड़ी सौगात दी है। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स व सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस बार उत्तराखंड को रेल परियोजनाओं के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है, जो 2014 से पहले की तुलना में 26 गुना अधिक है। उन्होंने यह जानकारी पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून में आयोजित वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी।
केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे को ऐतिहासिक रूप से सशक्त किया गया है। इस वर्ष रेलवे को 2.93 लाख करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय आवंटित किया गया है, जिससे उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों को भी व्यापक लाभ मिलेगा। उन्होंने इस बजट के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार भी व्यक्त किया। वैष्णव ने बताया कि वर्ष 2009 से 2014 के बीच उत्तराखंड में रेलवे के लिए मात्र 187 करोड़ रुपये का बजट दिया गया था, जबकि वर्तमान रेल बजट में यह बढ़कर 4,769 करोड़ रुपये हो गया है। वर्तमान में उत्तराखंड में कुल 39,491 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिनमें नई रेल लाइनों का निर्माण, स्टेशन पुनर्विकास और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना शामिल है।उन्होंने बताया कि अमृत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों को पूर्ण रूप से रीडेवलप करने के लिए चयनित किया गया है, जिनके आधुनिकीकरण पर 147 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक रेल सेवाओं के विस्तार के तहत उत्तराखंड में फिलहाल 3 वंदे भारत एक्सप्रेस और 1 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन संचालित की जा रही है।रेल नेटवर्क विस्तार की दिशा में उत्तराखंड ने उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2014 से अब तक लगभग 76 किलोमीटर नई रेल लाइन का निर्माण किया गया है। राज्य ने रेलवे में 100 प्रतिशत विद्युतीकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया है। इस अवधि में कुल 334 किलोमीटर रेल लाइनों का विद्युतीकरण किया गया, साथ ही 106 फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए गए हैं। रेल सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए अब तक राज्य में 54 ‘कवच’ प्रणाली को स्वीकृति दी जा चुकी है।केंद्रीय मंत्री ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और यह जल्द ही उद्घाटन की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में रेलवे विकास उत्तराखंड की कनेक्टिविटी, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति 







