टिहरी गढ़वाल 30 जनवरी।
ग्रामीण एवं दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में 28 वर्षों तक समर्पित सेवा देने के बाद भूगोल प्रवक्ता डॉ. त्रिलोक चंद्र सोनी का पारस्परिक स्थानांतरण पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज वीरभद्र, ऋषिकेश हो गया है। वर्तमान में वे राजकीय इंटर कॉलेज मरोड़ा, सकलाना में विगत दस वर्षों से कार्यरत थे। उनके स्थानांतरण पर विद्यालय परिवार द्वारा भावभीन विदाई समारोह आयोजित किया गया।
ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े डॉ. सोनी ने देवाल क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों से शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने डी, ई और एफ श्रेणी के अति दुर्गम पर्वतीय अंचलों में छात्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपना जीवन समर्पित किया। शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में उनके उल्लेखनीय योगदान के कारण वे क्षेत्र में ‘वृक्षमित्र’ के रूप में पहचाने जाते हैं।
डॉ. सोनी ने बताया कि वर्ष 1998 में राउमावि उर्गम में पहली नियुक्ति के दौरान वे हेलेंग से प्रतिदिन लगभग 14 किलोमीटर पैदल चलकर विद्यालय पहुंचते थे। नारायण नगर सुनाई, मोलाधार लोस्तू, सुमाड़ी, मरोड़ा सकलाना जैसे दुर्गम क्षेत्रों में उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी निरंतर सेवा दी। पौधों को उपहार में देने, दूल्हा-दुल्हन को शगुन स्वरूप पौधा भेंट करने तथा जन्मदिन व शादी की वर्षगांठ पर वृक्षारोपण जैसी परंपराओं की शुरुआत उन्होंने इन्हीं ग्रामीण क्षेत्रों से की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बी.आर. शर्मा ने कहा कि डॉ. सोनी ने विद्यालय को एक नई पहचान दी। उनके द्वारा लगाए गए पौधे आज विद्यालय की शोभा बढ़ा रहे हैं। उनका मृदुभाषी स्वभाव और सकारात्मक ऊर्जा सभी को प्रेरित करती रही, जिसकी कमी क्षेत्र को लंबे समय तक खलेगी।
कार्यक्रम के दौरान साहिल जोशी की कनिष्ठ लिपिक से प्रधान सहायक पद पर पदोन्नति होने पर भी उन्हें विदाई दी गई।
समारोह में किरन सोनी, महावीर धनोला, अनिल हटवाल, अनूप थपलियाल, सुशील कांदली, इंद्रदेव वशिष्ठ, राहुल जोशी, राजेंद्र रावत, रामस्वरूप उनियाल, तेजी महर, पवित्रा रानी, शशि ड्यूटी, इंदु नेगी, बबीता उनियाल, माधुरी भंडारी सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुशील कांदली ने किया 








