महिला सशक्तिकरण विभाग की भावी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
देहरादून, 3 फरवरी।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को सचिवालय स्थित एफआरडीसी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने विभाग की वर्तमान एवं भावी योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की देखरेख के लिए शुरू की जा रही योजना में यह स्पष्ट किया जाए कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद इन बच्चों का समायोजन कहां और किस प्रकार किया जाएगा। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर उन्हें मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने की ठोस व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने केंद्र सरकार की स्पॉन्सरशिप योजना की समीक्षा करते हुए बताया कि राज्य ने इस योजना के अंतर्गत 4,900 लाभार्थियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य तय किया था। वर्तमान में 1,631 लाभार्थियों के लिए ही केंद्र से बजट प्राप्त हुआ है। मंत्री ने शेष बजट के लिए केंद्र सरकार के अधिकारियों से समन्वय कर शीघ्र धनराशि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री ने “आलंबन गांव” योजना को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने विकासनगर में उपलब्ध भूमि से संबंधित सभी औपचारिकताएं इसी माह पूर्ण करने और योजना का ड्राफ्ट तैयार कर शीघ्र कैबिनेट में प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक के बाद मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि केंद्र की स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत शामिल किए जा रहे लाभार्थियों की संख्या राज्य में मौजूद जरूरतमंद बच्चों की तुलना में कम है। ऐसे में जो पात्र बच्चे इस योजना से वंचित रह जा रहे हैं, उन्हें लाभ देने के लिए मुख्यमंत्री बाल सानिध्य योजना लागू की जाएगी।
समीक्षा बैठक में सभी जनपदों के जिला प्रोबेशन अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। मंत्री ने सभी जिलों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा, मोहित चौधरी, नीतू फुलेरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








