देहरादून 03 फरवरी।
उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह से मुलाकात कर जनपद देहरादून के ऋषिकेश, विकासनगर एवं देहरादून शहर में महिलाओं की लगातार हो रही निर्मम हत्याओं को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में एसएसपी को एक ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि राजधानी क्षेत्र के बीचों-बीच इस तरह की जघन्य घटनाओं का लगातार सामने आना बेहद चिंताजनक और शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की राजधानी में महिलाओं की नृशंस हत्याएं राज्य की कानून-व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को उजागर करती हैं और सरकार के महिला सुरक्षा के दावों की पोल खोलती हैं।
ज्योति रौतेला ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते इन घटनाओं पर प्रभावी और कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो ऐसी घटनाएं देवभूमि उत्तराखंड की छवि को राष्ट्रीय स्तर पर कलंकित करेंगी। महिलाओं के मन में भय और असुरक्षा का माहौल बनना किसी भी संवेदनशील समाज के लिए गंभीर चेतावनी है।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि सभी मामलों की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्वरित जांच सुनिश्चित की जाए, दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर केवल दावों के बजाय ठोस एवं ज़मीनी स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला कांग्रेस महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी, और यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मामलों में गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है और महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस मौके पर उत्तराखंड महिला कांग्रेस की कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहीं, जिनमें महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष नजमा खान, प्रदेश महासचिव निधि नेगी, अनुराधा तिवारी, प्रदेश सचिव शोभा बडोनी, रेखा डींगरा तथा राष्ट्रीय महिला कांग्रेस कोऑर्डिनेटर शिवनी थपलियाल मिश्रा शामिल रहीं।







