गौमाता में बसती है सनातन की आत्मा: सतपाल महाराज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फिल्म ‘गोदान’ का टीजर, गीत और पोस्टर लॉन्च
देहरादून, 29 जनवरी।
प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि सनातन धर्म की आत्मा गौमाता में निवास करती है। आज के समय में जब समाज अपनी सांस्कृतिक जड़ों से दूर होता जा रहा है, ऐसे में गौमाता के संरक्षण और उनके महत्व को समझाने के उद्देश्य से बनी फिल्म ‘गोदान’ एक सराहनीय और आवश्यक प्रयास है।
सतपाल महाराज गुरुवार को सुभाष रोड स्थित अपने कैम्प कार्यालय में कामधेनु इंटरनेशनल प्रोडक्शन के बैनर तले निर्मित गौमाता के महत्व पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ के टीजर, गीत एवं पोस्टर के लोकार्पण अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि आज बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री एक सकारात्मक बदलाव के दौर से गुजर रही है। अब फिल्में केवल पारंपरिक पारिवारिक कहानियों तक सीमित नहीं रह गई हैं, बल्कि सामाजिक सरोकारों, संस्कृति और मूल्यों को केंद्र में रखकर भी सशक्त विषयों पर निर्माण हो रहा है।
धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री ने बताया कि विनोद चौधरी के निर्देशन में बनी फीचर फिल्म ‘गोदान’ आगामी 6 फरवरी 2026 से देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिल्म में भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म में गौमाता की महत्ता को वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। निर्माता-निर्देशक, कलाकारों और अतिथियों ने मिलकर समाज को एक मजबूत संदेश देने का कार्य किया है।
सतपाल महाराज ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि गौहत्या जैसे जघन्य अपराधों में संलिप्त लोग इस फिल्म को देखें, तो उनका हृदय परिवर्तन अवश्य होगा। उन्होंने जानकारी दी कि लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस भव्य फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड की मनोरम वादियों सहित नोएडा, मथुरा और मुंबई के विभिन्न स्थानों पर की गई है। फिल्म की कहानी को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए इसमें कई सच्ची घटनाओं को भी शामिल किया गया है। ‘गोदान’ मनोरंजन के साथ-साथ एक गंभीर सामाजिक और आध्यात्मिक संदेश देने वाली फिल्म है, जो विशेष रूप से युवाओं को अपनी संस्कृति और सनातन मूल्यों से जोड़ने का कार्य करेगी।
इस अवसर पर बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, विश्व संवाद केंद्र के प्रबंधक सुरेंद्र मित्तल, कामधेनु गौशाला समिति की सदस्य मनिका शर्मा सहित फिल्म से जुड़ी टीम के सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Comment

और पढ़ें