देहरादून, 26 जनवरी 2026।
77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) के मुख्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी द्वारा ध्वजारोहण किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों एवं खेल प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में प्रबंध निदेशक ने सभी कार्मिकों को भारतीय संविधान के महत्व से अवगत कराते हुए स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले वीर सपूतों को नमन किया। उन्होंने पिटकुल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प की चर्चा की। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मूलमंत्र “सरलीकरण, समाधान, संतुष्टि और विकल्प रहित संकल्प” को पिटकुल की प्रगति का आधार बताया।
उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव एवं अध्यक्ष पिटकुल आनंद बर्द्धन तथा प्रमुख सचिव ऊर्जा के मार्गदर्शन में पिटकुल निरंतर अपने लक्ष्यों की ओर अग्रसर है। प्रबंध निदेशक ने सभी कार्मिकों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर मेहनत व लगन से कार्य करते हुए पिटकुल को देश की अग्रणी पारेषण इकाई बनाने में योगदान दें तथा “एक के लिए सब, सब के लिए एक” के नारे को साकार करें।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर वर्ष 2025-26 के सर्वश्रेष्ठ उपकेन्द्र पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इसमें प्रथम स्थान 132 केवी उपकेन्द्र काशीपुर, द्वितीय स्थान 132 केवी उपकेन्द्र पुरकुल, तृतीय स्थान 220 केवी उपकेन्द्र पिरान कलियर को मिला, जबकि 66 केवी उपकेन्द्र थिथकी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त परिचालन, अनुरक्षण, परियोजना, तकनीकी, गैर-तकनीकी, स्काडा एवं सामग्री प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को भी सम्मानित किया गया।
दून क्रिकेट अकादमी, कुवांवाला में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कार्मिकों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं तथा उपस्थित सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित की गई।
कार्यक्रम में बादल कुमार द्वारा कविता पाठ, सरोज कुमार तपाली एवं मुकेश चंद्र बर्थवाल द्वारा पिटकुल की प्रगति एवं भविष्य की योजनाओं पर विचार रखे गए, वहीं विवेकानंद द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया गया। मानव संसाधन अनुभाग द्वारा पदोन्नति, नियमितीकरण, स्थाईकरण एवं एसीपी से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता ईला चन्द, पंकज कुमार, मन्त राम, अशोक कुमार जुयाल, महाप्रबंधक (मा.सं.), मनोज कुमार महाप्रबंधक (वित्त), अरुण सबरवाल, कम्पनी सचिव, विवेकानंद, उपमहाप्रबंधक (मा.सं.), शालू जैन उपमहाप्रबंधक (वित्त), अविनाश चन्द्र अवस्थी, बलवन्त सिंह पांगती, राजीव सिंह सहित पिटकुल के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन अशोक कुमार जुयाल, महाप्रबंधक (मा.सं.) एवं मीडिया प्रभारी, पिटकुल द्वारा किया गया।









