चम्पावत में बमनपुरी को बाढ़ से स्थायी सुरक्षा की सौगात, ₹154.63 लाख स्वीकृत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चम्पावत, 24 जनवरी ।
मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार आपदा प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी क्रम में जनपद चम्पावत की टनकपुर तहसील अंतर्गत हुड्डी नदी के बाएं तट पर स्थित ग्राम बमनपुरी में बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों के लिए ₹154.63 लाख की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
राज्य सरकार ने परियोजना के त्वरित क्रियान्वयन के लिए कुल स्वीकृत धनराशि का 40 प्रतिशत यानी ₹61.85 लाख प्रथम किश्त के रूप में जारी कर दिए हैं। यह परियोजना क्षेत्र में बार-बार आने वाली बाढ़ से होने वाले जान-माल के नुकसान को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
आपदा प्रबंधन विभाग की मूल्यांकन समिति तथा मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक में योजना के विस्तृत प्रस्तुतीकरण के बाद इस धनराशि को स्वीकृति दी गई।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य पूर्ण होने के बाद ग्राम बमनपुरी एवं आसपास के क्षेत्रों को स्थायी सुरक्षा मिलेगी। इससे कृषि भूमि सुरक्षित रहेगी, आवागमन सुगम होगा और स्थानीय नागरिकों के जीवन में स्थिरता व सुधार आएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें