कंडार देवता व हरि महाराज की डोली के सानिध्य में उत्तरकाशी के ऐतिहासिक माघ मेले का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


उत्तरकाशी, 14 जनवरी । मकर संक्रांति के पावन पर्व पर उत्तरकाशी में सुप्रसिद्ध एवं पौराणिक माघ मेला (बाड़ाहाट कू थौलू) का विधिवत शुभारंभ किया गया। बाड़ाहाट पट्टी के आराध्य कंडार देवता एवं बाड़ागड्डी क्षेत्र के हरि महाराज की डोली के सानिध्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में ऐतिहासिक मेले का उद्घाटन हुआ। जनपद के रामलीला मैदान में सप्ताहभर चलने वाला यह मेला उत्तरकाशी की विशिष्ट धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक माना जाता है।
माघ मेले में भाग लेने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से ग्रामीण बड़ी संख्या में लोक देवताओं की डोलियों एवं धार्मिक प्रतीकों के साथ उत्तरकाशी पहुंचे। भागीरथी नदी में पर्व स्नान के उपरांत कंडार देवता, हरि महाराज सहित अनेक देवडोलियों के साथ ग्रामीणों ने बाड़ाहाट स्थित चमाला की चौंरी पहुंचकर डोली नृत्य एवं रासो-तांदी नृत्य प्रस्तुत किए, जिससे मेला परिसर में पारंपरिक लोक आस्था और संस्कृति की अद्भुत छटा देखने को मिली।
अपराह्न में रामलीला मैदान में कंडार देवता व हरि महाराज की आगवानी के साथ मुख्यमंत्री द्वारा दीप प्रज्वलन कर माघ मेले का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर घण्डियाल देवता, खंडद्वारी देवी, राज-राजेश्वरी देवी, त्रिपुर सुंदरी, नाग देवता एवं दक्षिण काली सहित अनेक देवडोलियों की उपस्थिति रही। उद्घाटन समारोह में त्रृषिराम शिक्षण संस्थान की छात्राओं ने स्वागत गान एवं नृत्य प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मकर संक्रांति एवं माघ मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मेला लोक आस्था का महाकुंभ है, जहां से मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी आज अपनी आध्यात्मिक पहचान के साथ विकास के पथ पर भी निरंतर आगे बढ़ रहा है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ विकास को भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरकाशी जनपद में 1000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़कों का निर्माण, मरम्मत और सुधारीकरण कार्य किए जा रहे हैं। 23 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट, पुरोला में 46 करोड़ रुपये की लागत से उपजिला अस्पताल, सिल्क्यारा टनल का ब्रेकथ्रू, यमुनोत्री में हेलीपैड निर्माण, सिंचाई योजनाएं और भटवाड़ी में बाढ़ सुरक्षा कार्य जैसे अनेक विकास कार्य जनपद में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सिल्क्यारा टनल के पूर्ण होने से यमुनोत्री और गंगोत्री के बीच लगभग 25 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 13 डिस्ट्रिक्ट–13 डेस्टिनेशन कार्यक्रम के तहत पर्यटन को नया आयाम दे रही है। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम, जादुंग में उत्सव मैदान निर्माण और लखपति दीदी योजना से उत्तरकाशी में 12 हजार से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं। सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है, जबकि उत्तरकाशी राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य में रिवर्स पलायन बढ़ रहा है और लोग अपने पैतृक गांवों की ओर लौट रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि की मर्यादा के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य में दंगा विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून, लव जिहाद, लैंड जिहाद जैसे कड़े कानून लागू किए गए हैं। 1000 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है, सख्त भू-कानून लागू है और ऑपरेशन कालनेमि के तहत पाखंडियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 27 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। नकल माफियाओं पर रोक लगाने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि 2000 पुलिस भर्ती का परिणाम घोषित हो चुका है और जल्द ही नियुक्तियां दी जाएंगी। सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जनपद भ्रमण के दौरान शक्ति मंदिर एवं बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा संतों के आशीर्वचनों और आध्यात्मिक संदेशों पर आधारित शिलापट्टों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां के संतों का तप व ज्ञान हमारी सांस्कृतिक धरोहर है, जो समाज और युवा पीढ़ी को सही दिशा प्रदान करता है।
इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. स्वराज विद्वान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा नागेंद्र चौहान, दर्जा राज्य मंत्री रामसुंदर नौटियाल, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जयभारत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें