रणकोची मंदिर पुनर्निर्माण को ₹4.57 करोड़ की स्वीकृति, चम्पावत को मिली बड़ी सौगात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


चम्पावत, 11 जनवरी ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले रणकोची मंदिर के पुनर्निर्माण एवं पर्यटन अवस्थापना विकास कार्यों के लिए ₹4.57 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति उत्तराखण्ड परियोजना विकास एवं निर्माण निगम लिमिटेड, देहरादून द्वारा प्रस्तुत आगणन के सापेक्ष दी गई है।
इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रथम किश्त के रूप में कुल स्वीकृत धनराशि का 40 प्रतिशत, अर्थात ₹1.82 करोड़ निर्गत किए जाने को भी मंजूरी दी गई है।
परियोजना के अंतर्गत रणकोची मंदिर का संरचनात्मक पुनर्निर्माण, संरक्षण एवं सौन्दर्यीकरण किया जाएगा। मंदिर परिसर में पथ निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता सुविधाएँ, प्रतीक्षालय, संकेतक बोर्ड, पेयजल सहित अन्य आवश्यक पर्यटक सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके।
इस महत्वाकांक्षी योजना से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। देश-विदेश से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय स्तर पर होटल, होम-स्टे, परिवहन, हस्तशिल्प, दुकानदारों एवं अन्य स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
रणकोची मंदिर पुनर्निर्माण परियोजना जनपद चम्पावत की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यह योजना जनपद को राज्य एवं राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के साथ-साथ दीर्घकालिक क्षेत्रीय विकास एवं आर्थिक सुदृढ़ीकरण में अहम भूमिका निभाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें