
पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ, सरकार–जनता के बीच मजबूत सेतु : मुख्यमंत्री
देहरादून 09 जनवरी ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब, परेड मैदान, देहरादून में आयोजित नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तरांचल प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री ने सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब प्रदेश की लोकतांत्रिक चेतना का सशक्त मंच है, जिसने हमेशा अपनी गरिमा, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो सरकारों को उत्तरदायी, समाज को जागरूक और आम नागरिक को सजग बनाती है। स्वतंत्र, जिम्मेदार और जागरूक पत्रकारिता सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया के माध्यम से फेक न्यूज़ और भ्रामक सूचनाओं का प्रसार तेजी से हो रहा है, ऐसे में पत्रकारों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। निष्पक्षता और तथ्यपरक रिपोर्टिंग ही समाज को भ्रम से बचा सकती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के पत्रकारों ने हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में साहस और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण के प्रति संवेदनशील है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय योजनाओं को लेकर अनेक कदम उठाए गए हैं। मान्यता प्राप्त पत्रकारों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के साथ दिया जा रहा है। वरिष्ठ पत्रकार सम्मान योजना के अंतर्गत वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया गया है। पत्रकार पेंशन में वृद्धि के साथ-साथ विभिन्न जिलों से देहरादून आने वाले पत्रकारों के लिए सूचना विभाग के माध्यम से आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रयास भी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तरांचल प्रेस क्लब के भवन निर्माण का विषय स्वयं उन्होंने कैबिनेट में रखा, जिस पर कैबिनेट से स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही यह भवन एक मॉडल भवन के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री पत्रकार पेंशन योजना के अंतर्गत पत्रकार कल्याण कोष का बजट 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जनसंचार के क्षेत्र में भी अपनी एक नई पहचान स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया सेंटरों के आधुनिकीकरण और प्रेस क्लबों के सशक्तिकरण पर कार्य किया जा रहा है तथा वर्ष 2026–27 के सामान्य बजट में भी मीडिया सेंटरों के लिए प्रावधान किए जाएंगे, जिससे भविष्य में अन्य जिलों के पत्रकारों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य के प्रति उनका दायित्व और उत्तरदायित्व है, जिसे वे पूरी निष्ठा से निभाते रहेंगे।
उत्तरांचल प्रेस क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय सिंह राणा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सदैव पत्रकारों के कल्याण के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने उत्तरांचल प्रेस क्लब के भवन निर्माण को लेकर कैबिनेट के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय सिंह राणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, महामंत्री योगेश सेमवाल, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा एवं मीना नेगी, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, सम्प्रेक्षक विजय जोशी तथा कार्यकारिणी सदस्यों वीरेन्द्र डंगवाल ‘पार्थ’, मनमोहन लखेड़ा, रश्मि खत्री, सुलोचना पयाल, मनोज सिंह जयाड़ा, हरीश थपलियाल, मनबर सिंह रावत, ओम प्रकाश जोशी एवं हिमांशु जोशी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, दायित्वधारी डॉ. देवेंद्र भसीन, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








